देहरादून: उत्तराखंड में हरिद्वार जिले को छोड़ बाकी 12 जिलों में पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। मतदान के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
आज यानि 24 जुलाई को उत्तराखंड के 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण वोटिंग शुरू हो गई है। वहीं दूसरे चरण के तहत आगामी 28 जुलाई को वोटिंग होगी। उसके बाद 31 जुलाई को एक साथ काउंटिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के लिए कुल 17,829 प्रत्याशी मैदान में है और 26 लाख मतदाता वोट डालेंगे। गढ़वाल के छह जिलों के 26 विकासखंडों और कुमाऊं के छह जिलों के 23 विकासखंडों में आज पहले चरण की वोटिंग होगी। आज से पहले चरण की वोटिंग के अवसर पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान में अप्रिय घटना पर रोक और सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण संपन्न करने के लिए सभी केंद्रों में पुलिस की भारी तैनाती की गई है।
सभी जिलों में स्थापित किए गए हैं कंट्रोल रूम
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जो मतदान की प्रक्रिया की गति को धीमा कर सकता है। मौसम की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। यदि किसी कार्यकर्ता या आम जनता को मतदान स्थल तक पहुंचने में कठिनाई होती है या किसी प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, तो वे जिलों में स्थित कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बड़ी संख्या में लोग शहरों से अपने गांव लौट आए हैं। दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद, देहरादून जैसे शहरों से हजारों प्रवासी वोटिंग के लिए अपने पैतृक गांव पहुंचे हैं। शहरों से कई टैक्सियों, टेंपो ट्रैवलर और बसों में भरकर लोग अपने गांव की ओर निकल पड़े हैं।
सीएम धामी भी पहुंचे गृह क्षेत्र खटीमा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। आज सीएम धामी ने पंचायत चुनाव के मतदान के संबंध में अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे हैं। सूचना विभाग उधम सिंह नगर ने पंचायत चुनाव के मतदान के लिए सीएम धामी के खटीमा आगमन का कार्यक्रम जारी किया है। उत्तराखंड के पर्यटन और धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने पंचायत चुनाव में प्राथमिक विद्यालय सेडियाखाल पौड़ी में अपने वोट का प्रयोग किया। मंत्री सतपाल महाराज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान चल रहा है। देवभूमि के सभी जागरूक नागरिकों से अनुरोध है कि आप सभी अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें।